शाहतलाई (बिलासपुर)। नगर पंचायत तलाई के कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ आपत्तिजनक व अपमानजनक पोस्टर लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कनिष्ठ अभियंता संजय पठानिया ने बताया कि वह वर्ष 2015 से बाबा बालक नाथ की धार्मिक नगरी एवं नगर पंचायत तलाई में बतौर कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत है। नगर पंचायत के सार्वजनिक स्थानों पर किसी शरारती तत्व ने मेरे खिलाफ पोस्टर लगाए हैं। जिस में आपत्तिजनक व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस कृत्य से मेरी प्रतिष्ठा और छवि प्रभावित हुई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 500,506 के तहत मुकद्दमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हिंदी टाइप करने वालों की दुकानों में पोस्टर लिखे जाने की संभावना को खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि रात के अंधेरे में लगाए गए पोस्टरों पर न तो जारी करने वाले का नाम है और न ही आरोप लगाने वाले का कोई मोबाइल नंबर है। पुलिस शीघ्र ही शरारती तत्वों तक पहुंच कर पोस्टर लगाने वालों को बेनकाब कर देगी।