-स्वीकृत नल कनेक्शन के बावजूद नहीं बिछाई पाइपलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के मरहणा पंचायत के भटवाड़ा गांव में गरीब परिवार को पेयजल के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। गांव की रीना देवी ने प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। बताया कि उनके घर के लिए पेयजल कनेक्शन 9 जनवरी 2025 को विधिवत मंजूर किया गया था। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी पाइपलाइन अब तक नहीं डाली जा सकी।
उनका आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग जानबूझकर पाइप बिछाने में बाधा डाल रहे हैं। रीना देवी ने कहा कि गांव का एक रसूखदार व्यक्ति कुछ लोगों का समूह बनाकर पाइपलाइन बिछाने में अवरोध डाल रहा है। उनका यह भी आरोप है कि जिन लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है, उनके पास संबंधित स्थान पर कोई जमीन भी नहीं है। इसके बावजूद वे तानाशाही रवैया अपनाकर पाइप डलवाने नहीं दे रहे हैं। रीना देवी का परिवार आईआरडीपी श्रेणी में आता है। उनके पति दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। रीना देवी ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और बचत से थोड़ी सी जमीन खरीदकर एक छोटा सा घर बनाया, ताकि परिवार को स्थायी आश्रय मिल सके। वहीं, घर में पानी न होने के कारण रोजमर्रा के कार्यों में भारी कठिनाई हो रही है। परिवार को रोजाना दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए। उनका कहना है कि विभाग की ओर से कनेक्शन स्वीकृत होने के बाद स्थानीय स्तर पर किसी को इसे रोकने का अधिकार नहीं होना चाहिए। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता पवन शर्मा ने कहा कि विभाग की ओर से पानी का कनेक्शन मंजूर कर दिया गया है। पाइप लाइन बिछाने का कार्य लाभार्थी का है। लाभार्थी पाइपें डलवा दें तो विभाग कनेक्शन जारी कर देगा।