आगामी शैक्षणिक सत्र से मिलेगा अवसर, खर्च उठाएंगी प्रदेश और केंद्र सरकार
एनसीसी से युवाओं में आती है नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी पॉलिटेक्निक और फार्मेसी कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी एनसीसी के नौसेना प्रभाग (नेवल विंग) से जोड़ा जाएगा। इस पहल को लेकर एनसीसी ग्रुप कमांडर आदित्य वर्मा के साथ विस्तृत चर्चा की जा चुकी है और शीघ्र ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। बताया कि प्रदेश के युवाओं को अनुशासन और राष्ट्र सेवा की दिशा में और अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से इसे शुरू किया जा रहा है। कहा कि इस योजना के तहत एनसीसी की प्रशिक्षण गतिविधियों से जुड़ने वाले विद्यार्थियों का पूरा खर्च प्रदेश और केंद्र सरकार संयुक्त रूप से वहन करेंगी। इससे विद्यार्थियों के परिवारों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। मंत्री ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना को मजबूत बनाता है। इसके माध्यम से विद्यार्थी नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ-साथ देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा प्राप्त करेंगे। धर्माणी ने बताया कि पॉलिटेक्निक और फार्मेसी कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहे थे। अब उन्हें भी सेना के विभिन्न अंगों में करियर बनाने के लिए मार्ग प्रशस्त होगा। धर्माणी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को इस दिशा में प्रोत्साहित करें ताकि अधिक से अधिक युवा इस पहल का लाभ उठा सकें।