कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्री नयना देवी जी की नवनिर्वाचित पार्षद मुकेश कुमारी रामलाल ठाकु?
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। प्रदेश की सबसे छोटी नगर परिषद श्री नयनादेवी में भारी उलटफेर देखने को मिला। भाजपा समर्थित पार्षद मुकेश कुमारी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक रामलाल ठाकुर के समक्ष कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली। इससे पहले यहां पर भाजपा समर्थित नगर परिषद बननी थी। लेकिन अब मुकेश कुमारी के कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद भाजपा के सारे आंकड़े धरे के धरे रह गए। अब श्री नयना देवी जी नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा होगा।
सोमवार को नगर परिषद में अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव होना था। लेकिन इससे पहले एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। जब रामलाल ठाकुर की अगुवाई में वार्ड नंबर 4 से जीतकर आई पार्षद मुकेश कुमारी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। हालांकि मुकेश कुमारी ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से पार्टी ज्वाइन की है और वह चाहती हैं कि लोगों की सेवा करें। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर रामलाल ने कहा कि मुकेश कुमारी कांग्रेस में शामिल हुई हैं। खुले दिल से इनका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि अब श्री नयना देवी जी नगर परिषद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा होगा और उपाध्यक्ष भी उनकी पार्टी का बनेगा।
बता दें कि श्री नयना देवी जी नगर परिषद में भाजपा के चार पार्षद विजयी हुए थे और 3 पार्षद इस बार कांग्रेस के जीते थे। लेकिन काफी दिनों से अध्यक्ष पद को लेकर उठापठक का दौर जारी रहा। इसी के चलते कांग्रेस ने यहां पर बाजी मार ली है। भाजपा की पार्षद मुकेश कुमारी को कांग्रेस पार्टी में ज्वाइन करवाकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा को पछाड़ दिया है।