बिलासपुर/झंडूता। झंडूता में लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग 50 वें पूर्णराज्यत्व दिवस पर पूरी हो गई। यहां आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने झंडूता के लिए लोक निर्माण विभाग का डिवीजन देने की घोषणा की। अब लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन झंडूता में बैठेंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। वहीं लोनिवि का डिवीजन खुलने से क्षेत्र में सड़कों के कार्य को भी गति मिलेगी। वहीं आने वाले समय में क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों को इसका लाभ मिलेगा।
इसके अलावा सीएम जयराम ठाकुर शहीद अश्विनी कुमार रावमापा स्कूल में बढ़ रही बच्चों की संख्या और कम पड़ते भवन को देखते हुए नए भवन के निर्माण के लिए तीन करोड़ देने की घोषणा की। नया भवन बनने से स्कूल में चली आ रही समस्या भी दूर होगी। हालांकि इस मौके पर विधायक जेआर कटवाल ने कई अन्य मांगों को भी सीएम के समक्ष रखा था लेकिन उन्होंने फिर आने की बात कर उन्हें अगले दौरे के लिए रख दिया।
इनसेट....
प्रदेश में बेटियां हर क्षेत्र में आगे
झंडूता(बिलासपुर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे बढ़ी हैं। उन्होंने प्रदेश की बेटियों को बधाई देते हुए सराहना की और कहा कि किसी भी मंच पर नाम पुकारते हैं तो बेटियों की संख्या अधिक होती है। उन्होंने प्रदेश के बेटों से निवेदन किया कि वह भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और उन्हें भी सम्मानित करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में पुरस्कार बांटे थे तो उनमें टांडा मेडिकल कॉलेज में10 स्थानों में 9 और शिमला यूनिवर्सिटी में 10 के 10 स्थानों में बेटियों ने गोल्ड मेडल जीते थे।
इनसेट...
49 साल में राज्य ने किया अभूतपूर्व विकास
पूर्ण राज्यत्व दिवस के शुभ अवसर पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 49 वर्षों के दौरान राज्य ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है जिसका श्रेय राज्य के लोगों के सक्रिय समर्थन और सहयोग तथा पूर्व की सरकारों के सक्षम नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल ने राज्य का दर्जा प्राप्त किया तो राज्य में सड़कों की लंबाई 7740 किलोमीटर थी और साक्षरता दर 31.3 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि राज्य में 4963 शैक्षणिक संस्थान और 482 स्वास्थ्य संस्थान थे और केवल 2944 गांवों में बिजली की सुविधा थी। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। आज राज्य में 37207 किमी सड़कों का नेटवर्क है और कुल 3226 में से 3128 पंचायतें सड़कों से जुड़ी हुई हैं। कहा कि वर्तमान में 2,63,798 वरिष्ठ नागरिकों को 1500 रुपये प्रति माह सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही हैं।
इनसेट....
धर्मशाला में पहली बार गलोबल इन्वेस्टर्स मीट हुई
जय राम ठाकुर ने कहा कि 7-8 नवंबर 2019 को धर्मशाला में पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के आयोजन से यह छोटा सा राज्य दुनिया भर के उद्यमियों और निवेशकों के लिए एक मंच बन गया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तक 96,72088 करोड़ रुपये के 703 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 27 दिसंबर 2019 को 13,656 करोड़ रुपये की 240 परियोजनाओं का ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया।
इनसेट.....
कोठीपुरा में हो रहा एम्स का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर के कोठीपुरा में एम्स का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए राज्य के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री और वर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना को जल्द शुरू किया जाएगा। बिलासपुर जिले में 105 करोड़ रुपये का हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बनाया जा रहा है। बिलासपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इनसेट....
समारोह में ये लो रहे मौजूद
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, झंडूता विधायक जेआर कटवाल, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, घुमारवीं विधाकय राजिंद्र गर्ग, पूर्व विधायक रणधीर शर्मा और आरआर कौंडल, मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची, पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल, एसपी साक्षी वर्मा, एएसपी भागमल ठाकुर, डीएसपी संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।