कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन ठेकेदार यूनियन के पदाधिकारी अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री जय राम ठा?
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन ठेकेदार यूनियन और अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शिमला में अपनी दास्तां सुनाई। कहा कि अगर पैसा नहीं मिला तो लोग कंगाल हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
यूनियन के जिला प्रधान विवेक कुमार ने बताया कि ठेकेदारों की 50 करोड़ की राशि एनएचएआई के पास देय है। कई बैंठकों, धरना-प्रदर्शनों और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद भी एनएचएआई ने ठेकेदारों को पैसा नहीं दिया। इसके चलते बीते दिनों ठेकेदार यूनियन ने बिलासपुर के गरामोड़ और सुंदरनगर के जड़ोल में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का निर्माण कार्य भी बंद करवाया था। उन्होंने बताया कि जब तक ठेकेदारों को उनका पैसा नहीं मिल जाता तब तक कोई भी फोरलेन के कार्य को पूरा नहीं करने देंगे।
विवेक ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों से कहा कि इस बारे में नितिन गटकरी से बात हुई है और जल्द ही ठेकेदारों की समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं फोरलेन ठेकेदार यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू को भी अपनी समस्या से अवगत करवाया जिस पर उन्होंने कहा कि जल्द ही यूनियन की बैठक एनएचएआई के चेयरमैन से करवाई जाएगी ताकि इस समस्या का हल निकाला जा सके। इस अवसर पर फोरलेन ठेकेदार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चंदेल, बिलासपुर अध्यक्ष विवेक कुमार, अभिनव भारद्वाज, श्रवण ठाकुर, वी अभिषेक भारद्वाज आदि भी उपस्थित रहे।