ग्राम पंचायत कुटैहला के प्रांगण में विभाजन व नई पंचायत के गठन के समय जुटी भीड़।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत कुटैहला के विभाजन के लिए मंगलवार को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस विशेष ग्रामसभा की बैठक में लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और पंचायत का कोरम पूरा किया। ग्राम सभा की विशेष बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से कुटैहला पंचायत का विभाजन करके एक नई पंचायत मझेड़ के नाम से बनाने के लिए अपनी आम सहमति प्रदान की। इस अवसर ग्राम पंचायत कुटैहला के प्रधान कौशल्या ठाकुर ने ग्राम सभा की विशेष बैठक में मौजूद जनता को संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर एकता व अखंडता की शपथ भी दिलाई गई है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल सरकार के निदेशक पंचायतीराज विभाग की ओर से दिशा-निर्देश के अनुसार आबादी को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या वाली ग्राम पंचायतों का विभाजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत कुटैहला का विभाजन करके इसकी दो पंचायतें बनाई जाना जरूरी था। इस समय कुटैहला ग्राम पंचायत की आबादी 3500 है। इसके विभाजन होने के बाद अब 1239 लोगों को नई ग्राम पंचायत मझेड़ में शामिल किया जाएगा।
उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत के विभाजन का प्रस्ताव पास किया गया। कुटैहला पंचायत की नई पंचायत मझेड़ के नाम से होगी। जानकारी में बताया गया है कि नई पंचायत का मुख्यालय मझेड़ होगा क्योंकि मझेड़ के समीप के सात गांवों को मौजूदा समय में ग्राम पंचायत कुटैहला का कार्यालय बहुत दूर पड़ता था। इसके साथ ही पंचायत की आबादी भी 3500 तक पहुंच चुकी थी जिस कारण इसका विभाजन बहुत आवश्यक बन गया था।
नई ग्राम पंचायत का नाम मझेड़ होगा। इस नई ग्राम पंचायत मझेड़ के अंतर्गत 7 गांव शामिल होंगे जिनमें गांव मंझेड़, थापना, जब्बल, समलेटू, मतनोह, पंगा व भुलान शामिल किए गए हैं।
ग्राम पंचायत कुटैहला के विभाजन किए जाने के लिए हर वार्ड में जाकर लोगों को पहले से ही सूचना मुहैया करवाई गई थी। इसी के फलस्वरूप आज मंगलवार को ग्राम पंचायत कुटैहला के प्रांगण में लोगों व महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ जुटी हुई थी।
ग्राम पंचायत कुटैहला प्रधान कौशल्या देवी व उपप्रधान बाल कृष्ण ठाकुर तथा इससे पहले 20 साल तक उक्त पंचायत के प्रधान रहे पुरुषोत्तम महाजन ने नई पंचायत मझेड़ के गठन किए जाने पर खुशी जाहिर की है।