- एसओपी के निर्देशों की पालना के लिए जताया एसपी का आभार
-सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक आईडी भंडारी बने वेलफेयर के संरक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण एसोसिएशन की ओर से पुलिस लाइन जबली में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल बतौर मुख्यातिथि और सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक आईडी भंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने पेंशनरों को सम्मानित किया और उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से जो भी एसओपी जारी हुई है। उनकी अनुपालना करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान को कल्याण अधिकारी नियुक्त किया गया है। कल्याण अधिकारी पेंशनरों से समन्वय कर उनकी समस्याओं का हल करने के लिए प्रयासरत हैं। विशिष्ट अतिथि आईडी भंडारी ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त पुलिस के अधिकारी सक्रिय पुलिस के साथ मिलकर लोगों के हित के लिए कार्य करें। उन्होंने सम्मानित होने वाले पेंशनरों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि एसओपी का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेंशनरों के साथ संपर्क में रहने के लिए एक पहल शुरू की गई है। इसमें पेंशनर को जन्मदिन पर एसपी बिलासपुर की ओर से शुभकामना पत्र भेजा जाता है। कहा कि यह पेंशनरों के साथ संपर्क में रहने के लिए बेहतरीन पहल है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में पुलिस जवानों के विभिन्न प्रशिक्षण होते रहते हैं। इन प्रशिक्षणों में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों की सहायता ली जाएगी, ताकि प्रशिक्षण को बेहतर बनाया जा सके। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों का उनके सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने सरकार से पेंशनरों की लंबित मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। इस अवसर पर आईडी भंडारी को एसोसिएशन का संरक्षक बनाया गया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।
इन्हें किया सम्मानित
सम्मान समारोह में जगदीश शर्मा, ईश्वर दत्त शर्मा, कृष्णु राम, शंकर दास शर्मा, गरजा राम, लेखराम, हीरा सिंह, चेतन राम, बलवंत सिंह, सूरम सिंह, शंकर सिंह, ईश्वर ठाकुर, कृष्ण लाल, सीताराम, डंडू राम को सम्मानित किया गया।