-राज्य विद्युत पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर इकाई की मासिक बैठक मंगलवार को हुई। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष इं. सुरेश चंद शर्मा ने की। बैठक में घुमारवीं इकाई प्रधान इं. राम लाल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में राज्य कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक घुमारवीं में करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इकाई ने मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार का चार प्रतिशत महंगाई भत्ता, एरियर, मेडिकल भत्ता कर्मचारियों और पेंशनरों को 28 अक्तूबर से पहले देने का आभार व्यक्त किया। पेंशनरों ने हिमाचल सरकार और विद्युत प्रबंधक बोर्ड से अनुरोध किया कि जुलाई 2022 और जनवरी 2022 का एरियर शीघ्र घोषित करे। मुख्यातिथि ने सभी विद्युत पेंशनर स्वयं अपना जीवन प्रमाणपत्र नवंबर के पहले हफ्ते शिमला भेज दें। यदि किसी को कोई परेशानी आ रही है तो वह 16 नवंबर को होने वाली विद्युत पेंशनर की बैठक में जमा करवाएं। उन्होंने सभी से 30 नवंबर को घुमारवीं में होने वाली राज्य कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने का आग्रह किया। बैठक में पेंशनरों ने कहा कि एक समय था जब बिजली बोर्ड प्रदेश सरकार को मुनाफा देता था, लेकिन मुफ्त की घोषणाओं से बोर्ड पर असर पड़ा है। कहा कि सिर्फ जरूरतमंदों को ही मुफ्त की बिजली मिलनी चाहिए। इसके अलावा पेंशनरों ने समाज में बढ़ रहे चिट्टे के नशे पर भी चिंता व्यक्त की। कहा कि इसके खात्मे के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। इस अवसर पर कमल गौतम, हरि कुमार, निक्काराम, गुरुदेव कौशल, मदन पाल, ईश्वर सिंह, मस्तराम, चैतराम सहित अन्य उपस्थित रहे।