डिजिटल न चलाएं
गोली खाकर बचाई थी पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की जान
जिला स्तरीय समारोह छात्र स्कूल बिलासपुर में होगा आयोजन
-विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
-उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अफसरों और कर्मचारियों को भी किया जाएगा सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर में होली के दिन हुए गोलीकांड में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की जान बचाने वाले बहादुर पुलिस जवान संजीव कुमार को हिमाचल दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। गोली लगने के बावजूद जान की परवाह किए बिना बंबर ठाकुर को बचाने वाले संजीव कुमार की बहादुरी को अब जिला प्रशासन सलाम करेगा।
हमले के दौरान संजीव पूर्व विधायक के निजी सुरक्षा अधिकारी के तौर पर तैनात हैं। जब हमला हुआ तो बंबर ठाकुर अपनी पत्नी के सरकारी आवास पर थे। इसी दौरान शूटरों ने उन पर हमला कर दिया। बंबर ठाकुर को बचाने के लिए संजीव आगे आए। इस हमले में संजीव की एड़ी और पीठ में गोलियां लगी थीं, जो ऑपरेशन के बाद एम्स में निकाली गईं। उनकी इस बहादुरी के लिए पुलिस के बड़े अधिकारी और कई नेता भी उनकी पीठ थपथपा चुके हैं। लेकिन अब जिला प्रशासन उनकी कर्तव्य परायणता के लिए उन्हें हिमाचल दिवस पर सम्मानित करने जा रहा है। बताते चलें कि जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) बिलासपुर के मैदान में भव्य रूप से होगा। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि मुख्यातिथि समारोह से पहले चंगर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद बाल स्कूल के प्रांगण में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में छात्र-छात्राएं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त ने सभी से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हिमाचल दिवस समारोह की शोभा बढ़ाएं।