बिलासपुर। नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर नैनीताल हाईवे किनारे नवीन मंडी में रविवार की सुबह मतगणना का कार्य शुरू हुआ। भारी पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई।
पहले राउंड की मतगणना का कार्य थोड़ा विलंब से शुरू होने पर एसडीएम व आरओ ने कर्मियों को हड़काकर तेजी के साथ निष्पक्ष ढंग से शुरू करने के निर्देश दिए। मंडी के मुख्य गेट पर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच एजेंटों को चक्रवार मंडी में प्रवेश दिया गया। पहले चक्र में भारी संख्या में गेट पर लोगों के पहुंचने से अव्यवस्था पैदा हो गई, मगर गेट पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक अपराध पूरन चंद ने स्थिति संभाल ली। उन्होंने हाईवे किनारे खड़ी भीड़ को खेतों की तरफ व परेवा फार्म रोड की तरफ करवा दिया। सुबह व दोपहर में टेबिल संख्या एक, चार, पांच, 23, दो, आठ पर एजेंटों ने एक दूूसरे एजेंटों पर धक्का मुक्की करने व कर्मियों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। इस दौरान एजेंटों में मारपीट भी हुई। पुलिस ने सभी को शांत कर दिया। मतगणना कर्मियों ने आरोपों को गलत बताते हुए बैलेट पेपर सभी को दिखाकर गड्डी में पैक किए। प्रेक्षक एल वेंक्टेश्वर लू, डीएम रविंद्र कुमार मांदड़, एसपी शगुन गौतम, एडीएम राम भरत तिवारी ने भी मतगणना स्थल पहुंचकर निष्पक्ष ढंग से गणना कराने के निर्देश एसडीएम डॉ. रजेश कुमार व आरओ प्रभु दयाल को दिए। उन्होंने कहा कि गणना का कार्य तेजी के साथ निपटाया जाए और बिना मास्क के कोई भी मंडी में प्रवेश न करे। एसडीएम ने बिना मास्क के सभी एजेंटों को चेक किया और बिना पास के घूमने वाले एक युवक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।