सुरक्षा व यातायात के किए गए हैं कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में लगने वाले चैत्र मास मेले को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की योजना तैयार की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मेला क्षेत्र में महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की टीमें 24 घंटे मुस्तैद रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यहां से पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखेंगे और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा मेले में यदि कोई व्यक्ति अपने परिजनों से बिछड़ जाता है तो उसकी जानकारी कंट्रोल रूम में दर्ज कराकर तुरंत मदद प्राप्त की जा सकेगी। बताया कि मेले के दौरान अक्सर बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु अनजाने में या लापरवाहीवश यातायात नियमों का उल्लंघन कर देते हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रॉली, ट्रक या अन्य खुले वाहनों में बैठकर यात्रा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों के पकड़े जाने पर भारी चालान के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करना भी अनिवार्य रहेगा।
इनसेट
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
एसपी संदीप धवल ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले में आते समय यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। इससे न केवल यात्रा सुरक्षित होगी बल्कि मेले का आयोजन भी सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा। कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुखद वातावरण में दर्शन कर सकें।