घुमारवीं व्यापार मंडल ने एसडीएम से मिलकर की शिकायत
बोले, बेवजह हिंदू-मुस्लिम का रंग देकर बनाया जा रहा धार्मिक मुद्दा
एसडीएम ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। फेरी लगाने वाले लोगों की ओर से उन्हें धमकाने और डराने की शिकायत पर पुलिस के मामला दर्ज करने की कार्रवाई को व्यापार मंडल घुमारवीं ने एक तरफा बताया है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि इस मामले को बेवजह हिंदू-मुस्लिम का रंग देकर धार्मिक मुद्दा बनाया जा रहा है। जबकि यह केवल व्यापारियों की हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। व्यापार मंडल घुमारवीं के पदाधिकारी शनिवार को प्रधान हेमराज संख्यान की अगुवाई में एसडीएम गौरव चौधरी से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस की ओर से मामला दर्ज करने को एकतरफा कार्रवाई बताया। एसडीएम ने व्यापार मंडल के साथ बातचीत करते हुए दोनों पक्षों को सोमवार मिलने के लिए अपने कार्यालय बुलाया है। इससे दोनों पक्षों के बीच कोई बातचीत के रास्ते से इस समस्या का कोई हल निकाला जा सके। इसके साथ ही व्यापार मंडल ने जल्द ही घुमारवीं व्यापार मंडल की एक आम सभा बुलाने की भी योजना बनाई है। इससे सारे मामले पर एक रणनीति बनाई जा सके और इस मसले पर कार्रवाई तय की जा सके।
बताते चलें कि घुमारवीं में फेरी लगाकर शॉल, कंबल बेचने वाले जम्मू-कश्मीर के कुछ लोगों ने उन्हें डराने और धमकाने को लेकर पुलिस में केस दर्ज करवाया गया है। फेरी वालों ने इसको लेकर एक वीडियो जारी किया। इसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद इस मामले में जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लेकर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। मामले को बढ़ता देख पुलिस हरकत में आ गई।
शुक्रवार को पुलिस थाना में स्थानीय व्यापारियों और शिकायतकर्ता को बुलाया था। दोनों पक्ष में सहमति बनाने की भी कोशिश की गई थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आने वाले लोग घर-घर बिना जीएसटी के सामान बेचते हैं। इससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापार मंडल घुमारवीं का कहना है कि उन्हें इन लोगों के व्यापार करने से किसी भी तरह का कोई एतराज नहीं है। बशर्ते यह लोग जीएसटी नंबर लेकर और दुकान किराये पर लेकर कारोबार करें।