श्री नयना देवी जी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेले के दूसरे दिन माथा टेकने लिए कतारों में खड़े श्रद्ध
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेला के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। बरसात के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। दूसरे दिन करीब 13 हजार श्रद्धालुओं ने शाम छह बजे तक मंदिर में माथा टेका।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सीसीटीवी कैमरों से गिनती की जा रही है। श्रावण अष्टमी मेले के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं ने मां नयना देवी के दर्शन किए। इस दौरान पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड से श्रद्धालुओं के पहुंचे। बरसात और धुंध के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। उधर उपमंडल अधिकारी श्री नयना देवी जी और सहायक मेला अधिकारी राजकुमार ठाकुर ने संपूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों द्वारा जो अतिक्रमण किया था उस अतिक्रमण को भी हटवाया। वहीं श्रद्धालु मां के दरबार में दिल खोल कर चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। पहले दिन मेले के दौरान मंदिर न्यास को 15,85,568 रुपये नगद, 34.8 ग्राम सोना और चार किलोग्राम चांदी और 50 यूरो चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए। मेला सह अधिकारी एवं मंदिर न्यास अध्यक्ष राज कुमार ठाकुर ने बताया कि श्री नयना देवी नगर परिषद, मंदिर न्यास और जिला प्रशासन ने यात्रियों की हर सुविधा का ख्याल रखा है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। मंदिर में आने वाली हर सड़क और रास्तों में चौकसी बढ़ा दी है।