घुमारवीं में जर्जर सरकारी भवन पर अवैध कब्जा, फार्म की गंदगी खड्ड में मिल रही
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जल शक्ति विभाग घुमारवीं के तहत सीर खड्ड किनारे बना एक पुराना सरकारी पंप हाउस इन दिनों लापरवाही की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इस सरकारी भवन पर अवैध कब्जा करके न केवल कुछ प्रवासी रह रहे हैं, बल्कि भवन के एक बड़े कमरे में अवैध रूप से सूअर (पिग) फार्म भी चलाया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि इस फार्म से निकलने वाली गंदगी सीधे सीर खड्ड में मिल रही है, जिससे पेयजल की शुद्धता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सीर खड्ड का यही पानी आगे कई गांवों में पेयजल योजनाओं के तहत सप्लाई किया जाता है। ऐसे में सूअर फार्म की गंदगी का पानी में मिलना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ भी है। हालात इतने बदतर हैं कि सूअर फार्म वाले कमरे के आसपास खड़ा होना तक मुश्किल हो गया है। दुर्गंध और गंदगी का आलम यह है कि पानी के जरिए किसी भी समय संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। चिंताजनक पहलू यह भी है कि जिस सरकारी भवन में यह अवैध गतिविधि चल रही है, उसकी हालत बेहद जर्जर है। भवन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और वह कभी भी गिर सकता है। इसके बावजूद यहां लोगों का रहना और सूअर फार्म का संचालन न केवल अवैध है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। किसी अनहोनी की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह सवाल भी अब उठने लगा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसकी जानकारी जल शक्ति विभाग को भी नहीं है कि उनके इस पुराने पंप हाउस के भवन में सूअर फार्म अवैध रूप से खोला गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं और न तो गंदगी को रोकने के लिए कोई कदम उठाया जा रहा है और न ही अवैध कब्जा हटाने की कोई कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने मांग की है कि मामले की तुरंत जांच कर अवैध कब्जा हटाया जाए, सूअर फार्म को बंद किया जाए और सीर खड्ड के पानी को दूषित होने से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
कोट
यह भवन जर्जर हालत में है और जल्द ही इसे डिस्मेंटल किया जाएगा। भवन में सूअर फार्म खोला गया है इस बात की जानकारी नहीं है। पता किया जाएगा कि यह सूअर फार्म किसका है और इसे यहां से जल्द ही हटाया जाएगा।
-यशपाल शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, घुमारवीं