बरमाणा थाना में मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज
बिलासपुर। निर्माणाधीन शिमला-मटौर फोरलेन पर ब्रह्मपुखर के समीप फ्लाईओवर पुल निर्माण कार्य से जुड़ा पिकअप वाहन व निर्माण सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना बरमाणा में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राहुल कुमार निवासी गांव बड़ोआ डाकघर औहर ने बताया कि वह ब्रह्मपुखर के पास फोरलेन परियोजना के तहत फ्लाईओवर पुल निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ है। इस निर्माण कार्य के लिए आसिफ अली निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा मजदूर उपलब्ध करवाए जाते थे। शिकायतकर्ता के अनुसार निर्माण स्थल पर एक पिकअप वाहन तैनात था, जो एक इंजीनियरिंग ग्रुप के नाम पंजीकृत है। पिछले दिन साइट पर न तो पिकअप गाड़ी और न ही मजदूर मौजूद थे, तो उन्होंने आसिफ अली से फोन पर संपर्क किया। इस दौरान आसिफ अली ने बताया कि वह पिकअप गाड़ी सहित साइट की निर्माण सामग्री अपने साथ ले गया है। राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि उक्त पिकअप वाहन में फ्लाईओवर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री लदी हुई थी। पिकअप वाहन और निर्माण सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।