घुमारवीं स्कूल में प्रवक्ता पद के मुद्दे पर प्रकाशित की गई खबर। संवाद
अमर उजाला शिक्षा का सच इंपैक्ट
- पांच माह से पद चल रहा था खाली, पढ़ाई हो रही थी प्रभावित
- खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं में लंबे समय से खाली चल रहे भौतिक विज्ञान प्रवक्ता के पद पर आखिरकार नियुक्ति कर दी गई है। भौतिक विज्ञान प्रवक्ता के पद के खाली होने के मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इस पाठशाला में कार्यरत भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता गत पांच माह से मैटरनिटी लीव पर हैं, जिस कारण यह पद रिक्त चल रहा था। प्रवक्ता नहीं होने से भौतिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषय की पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही। इससे छात्रों के साथ अभिभावकों को भी भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। शिक्षा विभाग की लापरवाही तब और बढ़ गई जब विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद को भी नहीं भरा जा रहा है। प्रधानाचार्य का पद भी पिछले करीब साल से अधिक समय से रिक्त चला हुआ है, जिससे प्रशासनिक निर्णयों में विलंब होता रहा। परिणामस्वरूप न तो किसी अस्थायी शिक्षक की व्यवस्था हो पाई, न ही छात्रों को वैकल्पिक शैक्षणिक सहयोग मिल सका। अमर उजाला की ओर से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और कार्रवाई करते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरठीं से एक भौतिक विज्ञान प्रवक्ता को अस्थायी रूप से पीएम श्री विद्यालय घुमारवीं में तैनात कर दिया गया है। बरठीं स्कूल में दो भौतिक विज्ञान प्रवक्ता होने के चलते वहां से एक प्रवक्ता की तैनाती संभव हो पाई। यह नियुक्ति अस्थायी है और तब तक प्रभावी रहेगी जब तक मूल प्रवक्ता मैटरनिटी लीव से लौटकर विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेतीं। नियुक्ति अस्थायी है, लेकिन इससे छात्रों को बहुत बड़ी राहत मिली है। अब कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जा सकेंगी और आगामी परीक्षाओं की तैयारी में भी छात्रों को मार्गदर्शन मिल पाएगा। विद्यालय के छात्रों एवं अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस प्रकार की शैक्षणिक बाधाएं समय रहते दूर की जाएंगी ताकि छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।