मरने से पहले बेटे को दिया सुसाइड नोट
बरमाणा थाना क्षेत्र के सोलग में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बीमारी के कारण शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान हो चुके एक बुजुर्ग व्यक्ति ने सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। बुजुर्ग व्यक्ति ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जो उन्होंने उपचार के दौरान बेटे को दिया था।
घटना बरमाणा थाना के तहत सोलग गांव में हुई है। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए सुखराम(77) निवासी गांव सोलग डाकघर डोभा बिलासपुर की आंखों का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चला था। मृतक के परिजनों के अनुसार बीमारी के कारण सुखराम मानसिक रूप से परेशान भी हो गए थे। मंगलवार शाम को उन्होंने घर पर सल्फास की गोलियां खा ली। तबीयत बिगड़ने पर वह उल्टियां करने लगे। बेटे और स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंजगाईं में गए। वहां सुखराम ने एक सुसाइड नोट बेटे रविकांत को दिया। सुसाइड नोट में लिखा था कि लंबे समय से शारीरिक और मानसिक दुख के कारण इस कार्य को अंजाम दे रहा हूं। सीएचसी पंजगाईं से उन्हें एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।