-नगर परिषद के दोनों मैदान कूड़े से भरे, लोग परेशान
-कूड़े के ढेर से बढ़ रहा बीमारियों के फैलने का खतरा
-डंपिंग साइट के लिए चिन्हित की गई है डेढ़ बीघा भूमि
-मांग के अनुसार बागा सीमेंट कंपनी भेजा जा रहा सूखा कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में छह साल से कूड़े की समस्या का समाधान नहीं मिल पाया है। एसीसी सीमेंट कंपनी की ओर से कूड़ा लेना बंद कर दिया गया है जिसके बाद नगर परिषद के दोनों मैदान में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हालांकि बाघा सीमेंट कंपनी में मांग के अनुसार कूड़ा भेजा जा रहा है, लेकिन कूड़े के ढेर अधिक मात्रा में है। 2019 में खैरियां डंपिंग साइट बंद होने के बाद से लगातार समस्या बनी हुई है।
नगर परिषद बिलासपुर से एसीसी प्लांट बरमाणा ने एक बार फिर सूखा कूड़ा लेना बंद कर दिया है। इस कारण नगर परिषद के मैदान में कूड़े के ढेर लग गए हैं। इन कूड़े के ढेर से आसपास के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के ढेर होने से वहां पर दुर्गंध रहती है। बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है। हालांकि नगर परिषद की ओर से कूड़े के लिए लगाई गाड़ी सुचारू रूप से घरों से कूड़ा ले रही है। यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं होता है तो उन कर्मचारियों को भी कूड़ा एकत्रित करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। नगर परिषद बिलासपुर से सूखे कूड़े को बरमाणा सीमेंट प्लांट को देती थी। सूखे कूड़े को प्लांट में ईंधन के रूप में प्रयोग किया जाता है। अब एसीसी ने कूड़ा लेना बंद किया है। फिलहाल नगर परिषद के पास सूखे कूड़े के निष्पादन के लिए कोई और विकल्प मौजूद नहीं है। जब तक कोई सीमेंट प्लांट कूड़ा लेना शुरू नहीं करता तब तक ऐसे ही कूड़ा जमा होता रहेगा। नगर परिषद बिलासपुर शहर के सभी 11 वार्डों से प्रतिदिन डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित करता है। शहर में प्रतिदिन एक टन कूड़ा गीला और साढ़े तीन टन सूखा कूड़ा निकलता है। नगर परिषद शहर का सूखा कूड़ा करीब छह साल से सीमेंट प्लांट बरमाणा को दे रहा था जबकि गीला कूड़ा पिग फार्म को दिया जा रहा है।
इनसेट
आज तक नहीं बन पाई डंपिंग साइट
नगर परिषद पहले शहर के नजदीक खैरियां स्थित डंपिंग साइट में कूड़े को डंप करता था। 2019 में ग्रामीणों के विरोध के बाद उस साइट को बंद करना पड़ा था। इसके बाद मीट मार्केट के पास ऑर्गेनिक वेस्ट मशीन को स्थापित करने की कोशिश की गई लेकिन वहां भी लोगों ने विरोध कर दिया। लंबे इंतजार के बाद नगर परिषद ने आधुनिक कूड़ा संयंत्र लगाने और डंपिंग साइट के लिए शहर में ही पुराने इलेक्ट्रिक श्मशान घाट के पास डेढ़ बीघा भूमि चिन्हित की है। नगर परिषद की योजना कामयाब रहती है तो करीब पांच साल बाद डंपिंग साइट और शहर के कचरे की समस्या का स्थायी हल मिल जाएगा। नगर परिषद के पास 66 लाख रुपये की ऑर्गेनिक वेस्ट मशीन पहले ही मौजूद है। उसे 2021 में पुणे से खरीदा गया था, लेकिन जगह नहीं मिलने से उसका उपयोग नहीं हो सका है।
कोट
कूड़े की समस्या का शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा। मांग के अनुसार बाघा सीमेंट कंपनी में कूड़ा भेजा जा रहा है। नगर परिषद ने आधुनिक कूड़ा संयंत्र लगाने और डंपिंग साइट के लिए स्थान चिन्हित कर लिया है। इस पर कार्य चल रहा है।
कमल गौतम, अध्यक्ष नगर परिषद बिलासपुर