झंडूता क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में लगातार लग रहे अघोषित कट, उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के तहत बल्हसीणा, घंडीर, बरठीं, सुन्हाणी, बड़गांव और बलोह क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन-रात किसी भी समय बिजली गुल होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई के साथ-साथ स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं दौलत बनियाल, जोगेंद्र सेन, ललित चंदेल, मनोज कुमार, सुनीत सिंह, राजेश कुमार, सुशील कुमार, बलदेव दास, कृष्ण चंद, राहुल ठाकुर, प्यारेलाल, चिरंजी लाल और मोनू ने बताया कि बिजली कटौती अब आम बात हो गई है। वार्षिक परीक्षाओं के नजदीक होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं, सुबह के समय लगने वाले कटों से महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खाना बनाने से लेकर बच्चों को स्कूल भेजने तक के काम प्रभावित हो रहे हैं। बिजली न होने से मधानी, प्रेस, इंडक्शन चूल्हा और गीजर जैसे उपकरण बेकार पड़े हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि दुकानदारों और वेल्डिंग से जुड़े मजदूरों का काम भी ठप हो रहा है। उनका कहना है कि सिर्फ खराब मौसम में ही नहीं, बल्कि साफ मौसम में भी बिजली बोर्ड की ओर से कटौती की जा रही है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता हरबंस लाल शर्मा और कनिष्ठ अभियंता संजीव कुमार का कहना है कि कभी-कभार कंदरौर या कांगू से तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण बिजली बाधित होती है। बोर्ड की ओर से समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।