स्वारघाट (बिलासपुर)। कोरोना कर्फ्यू में रियायतें मिलने के बाद बाहरी राज्यों से काफी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शनिवार और रविवार को गरामौडा बॉर्डर से 3582 पर्यटकों ने हिमाचल में प्रवेश किया है। सोमवार से अब बाहरी राज्यों से आने वालों के लिए आरटीपीसीआर की रिपोर्ट साथ लेकर आने की अनिवार्यता समाप्त हो जाएगी। सोमवार से सिर्फ रजिस्ट्रेशन दिखाने पर अब राज्य की सीमा में प्रवेश करने की छूट प्रदान हो जाएगी।
बता दें कि पिछले दो दिन से पर्यटकों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को पंजाब सीमा से सटी जिले के उपमंडल नयनादेवी में बनाए गए 8 कोविड नाकों से 1704 पर्यटकों ने राज्य की प्रवेश में किया। शनिवार को 1878 पर्यटकों ने हिमाचल में प्रवेश किया। वीकेंड के चलते पिछले दो दिन से पंजाब-हिमाचल सीमा पर गरामौड़ा में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की लंबी कतार देखी जा रही है। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर हिमाचल में प्रवेश के लिए गरामौड़ा में मुख्य नाका लगाया गया है। इसके अलावा नयनादेवी उपमंडल में पंजाब से सटी हिमाचल की सीमाओं पर 8 अन्य कोविड नाके लगाए गए हैं। 27 अप्रैल मध्यरात्रि से लेकर 13 जून रविवार शाम पांच बजे तक कुल 46 हजार 820 लोगों ने हिमाचल की सीमा में प्रवेश किया है।
उपमंडल स्वारघाट प्रशासन के एसडीएम सुभाष गौतम ने पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को गरामौडा बार्डर से 1704 पर्यटकों ने राज्य में प्रवेश किया।