- सड़क पर वाहन फिसलने का बना रहता है खतरा
-लोगों को पैदल चलने में भी हो रही भारी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बैहना जट्टा से गेहड़वीं सड़क की खस्ताहालत से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो जाती है। वाहनों के अलावा लोगों को पैदल चलने में भी समस्या हो रही है।
भारी बारिश के कारण इस सड़क पर कई जगह पर भूस्खलन हो गया है। इसके चलते नालियों में मिट्टी भर गई है, इसके चलते सारा पानी सड़क पर आ रहा है। लोगों को पैदल चलने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। सड़क पर मिट्टी जमा होने से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर यह समस्या हर बार देखने को मिल जाती है। स्थानीय लोगों राजकुमार, श्याम सिंह, सुनील, अजमेर, विनोद कुमार, सुरेंद्र कुमार, राज धीमान, रामसहाय, सुरेश चंदेल ने बताया कि बरसात के मौसम में अधिक समस्या रहती है। कुछ दिन बाद बच्चों के स्कूल खुलने वाले हैं। इससे बच्चों को भी समस्याओं सामना करना पड़ेगा है। इस सड़क से दिन में गाड़ियों का आना-जाना लगा रहता है। गेहड़वीं से फोरलेन तक पहुंचने के लिए लोग इसी सड़क का प्रयोग करते हैं। उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। उधर सहायक अभियंता नितेश कुमार ने कहा कि शीघ्र ही विभाग की ओर से सड़क को सही करवा दिया जाएगा। विभाग के कर्मचारी बैरी दड़ौला सड़क मार्ग को ठीक कर रहे हैं। जैसे ही कर्मचारी वहां पर कार्य पूरा कर देंगे उसके बाद इस सड़क को भी ठीक करवा दिया जाएगा।