क्षेत्र में चलने वाली बस सुविधाओं को किया गया है बंद
निगम का कहना, त्योहारों के चलते हुई है समस्या, जल्द शुरू होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के बेला, मटयाल क्षेत्र के लोगों को परिवहन निगम की उपेक्षा का दंश झेलना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों के लिए चलने वाली नाममात्र की बस सुविधाएं भी बंद कर दी गई हैं। अब हालात यह हो गए हैं कि इन क्षेत्र के लोग अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए टैक्सियां लेकर जा रहे हैं।
बेला, मटयाल, पटेर, लंझता, लढेर, भुंदल, बाह रणोतां आदि कई गांव के सैंकड़ों लोग रोजाना अपने अपने कार्यों के लिए घुमारवीं या अन्य क्षेत्रों के लिए जाते हैं। निगम की ओर से इस क्षेत्र की बस सेवाएं बंद रखी गई हैं, जिस कारण इस क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के लोगों के लिए जाहु से घुमारवीं बाया बेला सुबह 9:15 बजे आने वाली बस सेवा पिछले पांच दिन से बंद है। छात्र, कर्मचारी, अस्पताल जाने वाले मरीज मजबूरी में टैक्सी कर लेठवीं पहुंच रहे हैं, जहां से अन्य बसें लेकर अपने-अपने गंतव्य को निकल रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार दोपहर को बेला के लिए एक बस आती थी वह भी सेवा भी बंद कर दी गई है। वहीं शाम के साढ़े पांच बजे आने वाली बस सुविधा भी बंद है। इसके बाद साढ़े छह बजे एक और बस इस क्षेत्र को आती है। वह बस भी कभी सवारियों को लेठवीं उतार देती है तो कभी लंझता में उतार देती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र के लिए कोई निजी बस भी नहीं है, जिसमे लोग यात्रा कर सकें। ऐसे में सरकारी बसें ही इस क्षेत्र के लोगों का सहारा हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र दो विधानसभाओं के बीच है। क्षेत्र के लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस क्षेत्र को चलने वाली बसों को शीघ्र शुरू किया जाए। बस अड्डा इंचार्ज घुमारवीं जयपाल ने कहा कि दिवाली के त्योहार पर चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। जल्द ही बसों को निर्धारित रूटों पर शुरू कर दिया जाएगा।