- स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की उठाई मांग
- बोले-कार में सवार होकर आते हैं तीन से चार लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में रात के समय संदिग्ध व्यक्ति दस्तक दे रहे हैं। रात के अंधेरे में कस्बों में घूम रहे अनजान लोगों से आमजन चिंतित है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए।
थाना क्षेत्र के तहत भराड़ी, बाड़ा दा घाट, दधोल डंगार आदि स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति रात के समय दिख रहे हैं। दो दिन पहले भराड़ी कस्बे में रात 2 बजे तीन से चार लोग पहुंचे। इन अनजान लोगों ने दुकानों के बाहर दस्तक दी। काफी देर तक दुकानों के बाहर घूमने के बाद यह लोग नदारद हो गए। ऐसे में यह लोग किस मकसद से आए थे इसका पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार यह लोग कार में सवार होकर यहां पहुंचे थे। क्षेत्र के लोगों में शामिल सोहन लाल, अश्विनी, अनिल, सुरेंद्र, रजनीश आदि ने बताया कि क्षेत्र में रात के समय अनजान लोग घूम रहे हैं। भराड़ी कस्बे में दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह लोग दिखाई दिए हैं। देर रात दुकानों के बाहर खड़े रहने की क्या वजह हो सकती है। लोगों ने बताया कि यह लोग कार में सवार होकर आते हैं। तीन से चार लोगों को बाजार में उतारकर कार चालक कार लेकर चला जाता है। इसके थोड़ी देर बाद कार चालक फिर से आता है और यह लोग कार में बैठकर चले जाते हैं। लोगों ने बताया कि कस्बों में घूम रहे यह अनजान लोग किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात को कस्बों में घूम रहे अनजान लोगों के बारे में पता लगाया जाए। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल ने कहा क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। आगे भी गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही रात में घूम रहे लोगों के बारे में पता लगाया जाएगा।