-बौद्धिक सत्र में नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला बिलासपुर में चल रहे एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों ने पाठशाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवियों को नशे के प्रति जागरूक किया गया।
तीसरे दिन की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। इसके बाद सभी स्वयंसेवियों को योग कराया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने पाठशाला परिसर में उगी झाड़ियों की कांट-छांट, सफाई, फूलों की क्यारियों का रखरखाव और कक्षा के कमरों की सफाई की। बौद्धिक सत्र में बिलासपुर कॉलेज से एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवीन भारद्वाज ने स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को जीवन में अनुशासन के महत्व को बताते हुए व्यक्तिगत जीवन की अपेक्षा सामूहिक जीवन को बेहतर बताया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया। उन्होंने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि वह अपने जीवन में नशे से हमेशा दूर रहें और समाज का उपयोगी अंग बनें। एनएसएस विद्यालय प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शिविर 13 अक्तूबर को शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि शिविर में सभी स्वयंसेवी निश्चित समय सारणी के तहत प्रात: काल योगाभ्यास, परियोजना कार्य, बौद्धिक सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करेंगे। शिविर का समापन 17 अक्तूबर को होगा।