डैहण के लोग लो वोल्टेज की समस्या से परेशान
घर में रखी आटे की चक्की बनी शोपीस, समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत पडयालग पंचायत के डैहण गांव के बाशिंदे कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण न बिजली के उपकरण उचित तरीके से चल रहे हैं वहीं आटे की चक्की सहित अन्य मशीनें भी नहीं चल पा रही है।
डैहण गांव में दो दर्जन से ज्यादा बिजली के मीटर लगे हैं। यहां के बाशिंदों को बिजली आपूर्ति के लिए कई वर्ष पहले बिजली की आपूर्ति सुचारु की गई थी। मगर समय के साथ परिवारों की संख्या बढ़ने से बिजली की खपत भी बढ़ गई। लेकिन विभाग ने वर्षों पहले डाली गई तार को आज तक नहीं बदला है। स्थानीय निवासी विद्यासागर, सोहन लाल, रणजीत, अग्रपाल, रणजीत, देवराज, राकेश, राजकुमार, सतीश, महेंद्र, नेकराम, दीप और विनोद ने बताया कि वोल्टेज की कम समस्या के कारण उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कम वोल्टेज के कारण शाम ढलते ही बिजली के उपकरण जैसे बल्ब, ट्यूब और टीवी भी सही तरह से नहीं जल पाते हैं। इसके अलावा कई घरों में लगी आटे की चक्कियां भी शोपीस बनकर रह गई हैं। लोगों ने बताया कि बिजली के बिलों में तो बढ़ोतरी कर दी गई। मगर सुविधा के नाम पर आज भी लोग निराश हैं। लोगों ने सरकार और विभाग से मांग की कि उन्हें लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलवाई जाए।