-गलगल, नींबू, टेउ, कठहल, करेला,अदरक एलोवेरा,लहसुन का अचार लोग कर रहे पसंद
चंपा पार्क में स्वयं सहायता समूहों के बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। निदेशालय शहरी विकास विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन नगर परिषद बिलासपुर द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी चंपा पार्क बिलासपुर में शनिवार को शुरू हुई। इसका आयोजन 12 नवंबर तक किया जाएगा।
यह प्रदर्शनी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार के मार्गदर्शन से शहरी आजीविका मिशन प्रबंधक बंदना लखनपाल, प्रबंधक मनीष कुमार,सामुदायिक आयोजक सुनिला कुमारी व शिवानी ठाकुर द्वारा संचालित की गई। इसमें 12 स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पाद को प्रदर्शित व बिक्री के लिए लगाया गया है। अचार चटनी जैसे आम, गलगल, नींबू, टेउ, कठहल, करेला, अदरक एलोविरा, लहसुन, मिक्स, राई, अरबी, मेथी, मिर्च, बांस के अचार, सिरा, पापड़, बड़ी, चावल व मक्की का आटा, सेपू व मुकंद बड़ी, मुंग बड़ी, 8 नमकीन, कार्नफलैक्स, मट्ठी खजूर, अखरोट, सलाद का नमक, भुगरू मसाला, मेथी, तिल, अलसी विभिन्न प्रकार के स्थानीय मसाले, सेवइयां, सोयाबीन, रौंग, फूलों के बीज इत्यादि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त खाद्य सामग्री आम जनता को बेचने के लिए उपलब्ध करवाई गई है। वहीं, ऊनी वस्त्रों में मोजे, जुराब, पर्स, थैला, सजावटी सामान, चपाती टोकरी, बेबी सूट, स्वेटर, जैकेट, कुशन इत्यादि वस्तुएं भी प्रदर्शनी में उपलब्ध हैं। मिट्टी व पानी के दिए, गाय के गोबर से बने दीपक, खाने में कचौरी, चाय, सिड्डू, मोमोज भी प्रदर्शनी में लगाए गए हैं। समूहों द्वारा बनाए गए उत्पाद स्थानीय लोगों को खूब भा रहे हैं। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साह बढ़ा है। इस योजना से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रही हैं। इससे शहरी आजीविका मिशन का उद्देश्य धरातल पर स्वीकार हुआ है। नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार ने सभी महिलाओं से आग्रह किया है कि इस प्रदर्शनी का लाभ उठाएं।