- पंजाब सहित उत्तर भारत में चल रहा व्यापारिक सीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में त्योहारी सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी कमी दर्ज की गई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में यह दिन कारोबार के लिहाज से काफी व्यस्त होते हैं। इसी के चलते इन राज्यों से श्रद्धालु कम संख्या में पहुंच रहे हैं। श्री नयनादेवी में आने वाले श्रद्धालुओं में अधिकतर इन राज्यों के होते हैं।
स्थानीय दुकानदार शीशपाल, अजय कुमार, शमी और सोनू ने बताया कि त्योहार के सीजन के समय श्री नयना देवी बाजारों में काफी मंदी का आलम रहता है। इससे उन्हें व्यापारिक घाटा भी उठाना पड़ता है। कम संख्या में श्रद्धालु आने के कारण बाजार में और मंदिर में चहल पहल भी कम नजर आती है। अन्य दिनों में श्री नयना देवी जी मंदिर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहता था। वहीं पर ठंड बढ़ने के कारण भी कम संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सुबह ही मंदिरों के कपाट खोल दिए जाएंगे।