- कुहमझवाड़ सहकारी सभा के प्रधान ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राशन डिपुओं की पॉश मशीनों में सर्वर डाउन होने से लोगों और डिपो धारक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर कुहमझवाड़ सहकारी सभा के प्रधान मंजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा और समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
मंजीत ने कहा कि राशन डिपुओं की जो पॉश मशीनें हैं इनका सर्वर हमेशा डाउन रहता है। ग्रामीण क्षेत्र में एक परिवार से कोई न कोई व्यक्ति राशन लेने के लिए डिपो में आता है। वहां पर उसे घंटों राशन लेने के लिए इंतजार करना पड़ता है। एक सामान्य व्यक्ति को राशन लेने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। दो से तीन चक्कर लगाकर और अपना काम छोड़कर राशन लेना पड़ता है। जब वह राशन लेने पहुंचते हैं तो वहां पर पॉश मशीन का सर्वर डाउन हो जाता है। कुछ देर चलने के बाद बार-बार एक ही समस्या सामने आती है। इससे डिपो धारक को भी राशन वितरण में समस्या होती है। इन मशीनों में सही नेटवर्क व्यवस्था न होने से राशन वितरण में अधिक दिन लग जाते हैं। इस कारण लोगों को राशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था करे कि पॉश मशीनों का नेटवर्क तेज चले, जैसा कि अन्य संस्थानों में होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टेक्नोलॉजी के इस समय में ऐसा ऐप विकसित किया जाए। इससे यह समस्या दूर हो सके और लोगों को बार-बार राशन के लिए डिपो के चक्कर न लगाने पड़ें। मंजीत ने कहा कि वह इस समस्या को लेकर शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलेंगे।