50 हजार से अधिक कनेक्शन ई-केवाईसी से वंचित, विभाग ने दी चेतावनी
ई-केवाईसी नहीं तो रिफिल बुकिंग हो सकती है ब्लॉक
सब्सिडी, गैस आपूर्ति में बाधा से बचने को तुरंत प्रक्रिया पूरी करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, बिलासपुर के ब्रिजेंद्र पठानिया ने जिला के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को सूचित करते हुए कहा है कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी सक्रिय गैस कनेक्शनों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी पूर्ण नहीं किया, उनके कनेक्शन रिफिल बुकिंग के लिए ब्लॉक किए जा सकते हैं। साथ ही सब्सिडी भी प्रभावित हो सकती है। जानकारी दी कि जिले में कुल 1 लाख 30 हजार 149 घरेलू गैस कनेक्शन सक्रिय हैं, जिनमें से 79 हजार 284 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 50 हजार 865 कनेक्शनों की ई-केवाईसी अभी लंबित है। विभाग ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपनी संबंधित गैस एजेंसी या वितरक से संपर्क कर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति या सब्सिडी से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ता को आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर, एलपीजी उपभोक्ता संख्या या गैस पासबुक साथ लाना अनिवार्य है। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है ताकि निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।