पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन करेगी टीबी की जांच : उपायुक्त
जिले को 2025 तक टीबी मुक्त करने के लिए प्रशासन ने की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल में पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन पहुंच गई है। इस मशीन से अब शहरी, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। लक्षण सामने आने पर मरीज शीघ्र ही डॉक्टर के पास पहुंचकर अपना इलाज शुरू करवा सकेंगे।
आधुनिक तकनीक से लैस हाथ से चलने वाली एक्स-रे मशीन को कहीं भी आसानी से ले जाया जा सकता है।स्वास्थ्य शिविरों में यह मशीन काफी मददगार सिद्ध होगी। व्यक्ति का एक्स-रे करने के उपरांत यह मशीन तुरंत अपनी रिपोर्ट देगी। कंफर्म करेगी की संबंधित व्यक्ति को टीबी है या नहीं।
जिले को 2025 तक टीबी मुक्त करने के लिए प्रशासन ने पहल की है। टीबी के संदिग्ध मरीज को एक्स-रे जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा,उन्हें घर के पास ही इसकी सुविधा मिलेगी। अदाणी फाउंडेशन ने पहली पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन प्रदान की है। प्रशासन के लगातार प्रयासों के चलते अदाणी फाउंडेशन समूह के सहयोग से शुक्रवार को यह मशीन मिली। इसकी सहायता से अब स्वास्थ्य विभाग जिले के संदिग्ध टीबी रोगियों की पहचान आसानी से कर सकेगा।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के लिए अदाणी फाउंडेशन समूह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह मशीन जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए काफी कारगर सिद्ध होगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र बरमाणा क्षेत्र में स्वास्थ शिविर लगाने के निर्देश दिए। कहा कि लक्षण दिखने वाले व्यक्तियों का मौके पर ही पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से एक्सरे किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मशीन को चलाने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। लोगों से भी आग्रह किया कि अधिक समय तक खांसी, खांसी के साथ बलगम आना, बलगम के साथ खून आना, वजन कम होना, भूख न लगना, हल्का बुखार आदि के लक्षण दिखाई दें तो इन्हें नजर अंदाज न करें, शीघ्र ही अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं।
उत्तरी क्षेत्र अदाणी फाउंडेशन ग्रुप के हेड मुकेश सक्सेना ने कहा कि प्रदेश के कल्याण के लिए वह हिमाचल के साथ जुड़े हुए हैं। वह स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रति बचनबद्ध हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की मदद की जा सके। इस मौके पर सहायक आयुक्त नरेंद्र कुमार आहलूवालिया, डीआरओ देवी राम, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर से डॉ. अनंत, डॉ.तहसीन, डॉ.दीपक, अदाणी फाउंडेशन के हितेन्द्र कपूर, पद्मनाभ शर्मा भी उपस्थित रहे।