भराड़ी में आयोजित भगवान परशुराम सेवा संस्थान के समारोह में मौजूद लोग। स्रोत: आयोजक
-भराड़ी में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। भगवान परशुराम सेवा संस्थान की हिमाचल प्रदेश इकाई जिला बिलासपुर द्वारा भराड़ी में सदस्यता और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाजसेवी पुरुषोत्तम शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस मौके पर पुरुषोत्तम शर्मा ने आयोजन समिति का आभार जताया और कहा कि भगवान परशुराम सेवा संस्थान आज समाज सेवा और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सशक्त और अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संस्था सामाजिक समरसता, देशहित, जातिगत भेदभाव से मुक्ति, पिछड़े वर्गों की आर्थिक सहायता, असहाय बच्चों की मदद और राष्ट्र प्रथम जैसी भावनाओं के साथ निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रही है, जो अत्यंत सराहनीय है। शर्मा ने विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष जय कृष्ण शर्मा और उनकी पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संस्थान समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच, एकता और सेवा भावना को बल मिलता है। कहा कि संस्था दिन दूनी, रात चौगुनी प्रगति करे और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देकर अधिक सशक्त बनाए। इस मौके पर संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसआर अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष जय कृष्ण शर्मा, महासचिव प्यारे लाल शर्मा, उपाध्यक्ष अमरनाथ शर्मा, सचिव नंद लाल शर्मा और चित्रलेखा सहित अन्य मौजूद रहे।