टूटे गेट-बेंच और बढ़ी घास से परेशान लोग, नगर परिषद से जल्द सुधार की अपील
नप अध्यक्ष बोले, प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा समस्या का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित सार्वजनिक पार्कों की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र रखरखाव और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है। शहर के अधिकांश पार्क लंबे समय से पर्याप्त देखरेख के अभाव में अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं।
सभा के प्रधान रूपलाल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश कुमार कैंथ, उप प्रधान हेमराज महाजन एवं प्रकाश महाजन, महासचिव देवराज चंदेल और मुख्य सलाहकार रामलाल शर्मा ने संयुक्त प्रेस बयान जारी कर कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित अन्य लोगों को इन पार्कों का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिन पार्कों का निर्माण आम लोगों को स्वच्छ वातावरण, सैर और मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किया गया था, वे आज कई स्थानों पर उपेक्षा का शिकार दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई पार्कों में प्रवेश द्वार क्षतिग्रस्त हैं, बैठने के लिए लगाई गई बेंचें टूटी हुई हैं तथा कई स्थानों पर घास और झाड़ियां काफी बढ़ चुकी हैं। नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होने से पार्कों का सौंदर्य भी प्रभावित हुआ है। सभा का कहना है कि सार्वजनिक पार्क केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र भी होते हैं।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने तथा व्यायाम के लिए सुरक्षित स्थान की तलाश करते हैं, लेकिन पार्कों की खराब स्थिति के कारण कई लोगों को सड़कों के किनारे सैर करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पार्कों का नियमित रखरखाव नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। सभा ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि सभी पार्कों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए तथा जहां भी आवश्यकता हो वहां टूटे हुए गेट, बेंच और अन्य सुविधाओं की मरम्मत करवाई जाए। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई, घास की कटाई, पौधों की देखभाल और पार्कों में बैठने और टहलने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के नागरिक एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में इन पार्कों का उपयोग कर सकें।
कोट
नगर परिषद क्षेत्र के सभी पार्कों को चरणबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा। प्रत्येक पार्क में पहले से बैठने की व्यवस्था के तहत बेंच लगाई गई हैं। यदि कहीं किसी प्रकार की क्षति या कमी है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। पार्कों की नियमित साफ-सफाई करवाई जा रही है और आगामी दिनों में आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं अन्य सुविधाओं का कार्य भी पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
-अमित कुमार, अध्यक्ष, नगर परिषद, घुमारवीं