-बोले, आपदा के इस समय में हो सकती है कोई अनहोनी
संवाद न्यूज एजेंसीभराड़ी(बिलासपुर)। स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्थगित करने की मांग उठने लगी है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेश में आपदा के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। कई सड़कों पर यातायात ठप है। कई स्कूलों के भवन जर्जर हो चुके हैं। इस कारण बच्चे किसी अनहोनी का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्थगित करना बेहतर रहेगा।
अभिभावकों में शामिल बलदेव, सरिता, सुरम सिंह, सूरत राम, सुनीता, निखिल, नेहा आदि ने कहा कि दो माह तक लगातार बारिश का दौर जारी रहा। कई जगहों पर लोगों के रिहायशी मकान ढह गई। लोग स्कूलों में शरण लेकर रहने को मजबूर हैं। कई जगहों पर सड़कें ढह गईं, कई स्कूली भवन जर्जर हो गए। मौसम विभाग ने फिर से 15 सितंबर तक बारिश होने का अनुमान लगाया है। ऐसे में स्कूलों में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्थगित कर देना बेहद जरूरी है। अभिभावकों ने कहा कि कई जगह स्कूलों के खेल मैदान बर्बाद हो गए हैं। इसके चलते न तो बच्चों की तैयारियां सुचारू हो पाई हैं और न ही ऐसे मौसम में खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चे हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह खेलकूद प्रतियोगिताएं स्थगित कर देनी चाहिए।