- ग्रामीणों ने डीएसपी घुमारवीं से की कार्रवाई की मांग
- चोरों ने सोमवार रात को भी दुकान के ताले तोड़ने का किया प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं पनोह पंचायत के गांव पनोह में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। इसी के चलते एक प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान शर्मिला ठाकुर की अध्यक्षता में डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल से मिला। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरों के साथ सख्ती से निपटा जाए, ताकि लोग राहत की सांस ले सकें।
पनोह पंचायत के प्रधान शर्मिला ठाकुर, उप प्रधान बेशरिया राम संधू, ग्राम सुधार सभा समिति प्रधान राजेश्वर चंदेल ने बताया कि सोमवार रात को भी चोरों ने चोरी को अंजाम दिया। एक दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि तभी वहां के स्थानीय लोग जाग गए। उन्होंने दो चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अन्य तीन लोगों को भी पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इसी गांव में चार चोरियां हो चुकी हैं। इसमें चोरों ने स्कूल के मंदिर का दान पत्र, गुग्गा मंदिर पनोह का दान पत्र और ट्रक की दो बैटरियां और एक दुकान से ताला तोड़कर वहां रखी नकदी और अन्य सामान पर भी हाथ साफ कर चुके हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाए। इस अवसर पर ग्रामीण सतीश चंदेल, गंगाराम, समुद्र सिंह चंदेल, विजय कुमार, सुरेश कुमार, कपिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।