-लोगों से समारोह में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के समारोह की तैयारियों को लेकर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन सदर बिलासपुर की बैठक ग्राम पंचायत बरमाणा के लघट में हुई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी सतीश शर्मा ने की।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में वोटरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई पंचायत के गठन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पूर्व कांग्रेस सचिव ठाकुर हीरा पाल सिंह ने आश्वासन दिया कि यह मामला पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के सहयोग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में सीमेंट उद्योग के कारण हो रहे प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने रोड साइड प्लांटेशन और खाली स्थानों पर पौधारोपण की मांग की। इसके साथ ही स्थानीय जनता के रोजगार और विकास संबंधी मुद्दों को जिलाधीश के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
ठाकुर हीरा पाल सिंह ने मुख्यमंत्री के 11 दिसंबर के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन मंडी और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में संपर्क कर कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटाने का प्रयास कर रहा है। बैठक में सुरेंद्र ठाकुर, प्रकाश चंद चंदेल, और जगदीश संख्यान सहित कई ग्रामीणों ने भाग लिया।