बिलासपुर। अपनी आईटीआई देखो अभियान के तहत पंचायत मोही के प्रतिनिधियों ने आईटीआई बरठीं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध आधारभूत ढांचे, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया। ग्राम पंचायत मोही की प्रधान सुमन कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता की। उनके साथ उपप्रधान कुलवंत धटवालिया और चार वार्डों के सदस्य भी मौजूद रहे।
संस्थान के प्रधानाचार्य सचिन शर्मा ने प्रतिनिधियों को तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में छह ट्रेडों की आठ यूनिट संचालित हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 104 सीटों पर प्रवेश निर्धारित था, जिनमें से 84 सीटें भर चुकी हैं। उपप्रधान कुलवंत धटवालिया ने संस्थान में हुए विकास कार्यों और प्रधानाचार्य व स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य के कार्यभार संभालने के बाद अनुशासन और आधारभूत ढांचे में सुधार हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद सीएसआर फंड और दानदाताओं के सहयोग से कई कार्य किए गए हैं। आईएमसी ब्लॉक में पेंटिंग का कार्य भी सराहनीय है।
पंचायत प्रधान सुमन कुमारी ने संस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों में पूरा सहयोग करेगी।