घुमारवीं में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित
कारगिल के वीरों का बलिदान राष्ट्र कभी नहीं भूलेगा : ब्रिगेडियर वर्मा
राजेंद्र गर्ग ने युवाओं से राष्ट्रसेवा का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। कारगिल विजय दिवस पर घुमारवीं के होटल एम्फोरयु में भाजपा मंडल की ओर से श्रद्धांजलि और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जगदीश सिंह वर्मा ने कहा कि कारगिल के वीरों का बलिदान राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता।
पूर्व खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का शौर्य हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह में पूर्व सैनिकों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और कारगिल के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह वर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने दुर्गम चोटियों और विषम परिस्थितियों में अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। तिरंगे की आन-बान-शान को अक्षुण रखा। उन्होंने कहा कि सैनिक परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह सेना और शहीदों के प्रति सम्मान बनाए रखे।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता का प्रतीक है। कारगिल के रणबांकुरों ने प्राणों की आहुति देकर देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की। उनका बलिदान देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि देश अपने वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा तथा उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।
नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि सम्मानित
श्रद्धांजलि समारोह में पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह वर्मा और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने उन्हें सम्मान चिह्न भेंट कर जनसेवा तथा ग्रामीण विकास की जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों के विकास, सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मन की बात कार्यक्रम सुना
कारगिल विजय दिवस पर भाजपा मंडल घुमारवीं की ओर से श्रद्धांजलि समारोह शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अन्य उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।