बिलासपुर। जिले से अब तक 1885 लोगों के कोविड-19 सैंपल लैब जांच के लिए आईजीएमसी भेजे जा चुके हैं। उनमें से 1749 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिर्व आई है। जिला में पॉजिटिव पाए गए 18 लोगों में से 7 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। शेष 118 सैंपलों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि आज कल बाहर से बहुत ज्यादा संख्या में लोग घरों को आ रहे हैं। सभी की बॉर्डर पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। जो रेड जोन से आ रहे हैं उन्हें संस्थागत क्वारंटीन किया जा रहा है। 5 से 7 दिनों के अंदर उनका कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें होम क्वारंटीन में भेजा जा रहा है। दड़ोच ने कहा कि अपने हाथों को हमेशा साबुन, पानी से अच्छी तरह धोएं। उन्होंने बताया कि घरेलू वस्तुओं जैसे गिलास, कप, खाना खाने के बर्तन, तौलिया, बिस्तर इत्यादि को दूसरों के साथ सांझा न करें। हर समय मास्क पहनें। मास्क को प्रत्येक 6 से 8 घंटे में बदलें और उसका सही निपटारा करें। प्रयोग किए गए मास्क को फिर उपयोग में न लाएं। प्रयोग किए गए मास्क पूरी तरह से संक्रमित हो जाते हैं। यदि खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ के लक्षण हों तो उसे नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में जाएं या 104 या 011-23978046 पर फोन करें।