डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ के निदेशक आशीष ठाकुर ने उपायुक्त राहुल कुमार से भेंट कर सदर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजकर मंडी-भराड़ी पुल से एम्स कोठीपुरा और बिलासपुर बस अड्डे तक इलेक्ट्रिक बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग की।
मांगपत्र में कहा है कि इस रूट पर प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। आशीष ने कहा कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन बनने के बाद बिलासपुर शहर की ओर बसों की आवाजाही काफी कम हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, एम्स कोठीपुरा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, लेकिन मंडी-भराड़ी पुल से एम्स तक सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण उन्हें निजी वाहनों पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विशेषकर महिलाओं को रात्रि के समय मंडी-भराड़ी पुल से बिलासपुर शहर तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि बिलासपुर एचआरटीसी डिपो को मिली नई इलेक्ट्रिक बसों में से कम से कम दो बसों का इस रूट पर दिन-रात संचालन किया जाए।