मणिकर्ण साहिब माथा टेकने जा रहे थे युवक, भगेड़ के पास हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा भगेड़ से आगे बागठेडू फुट ओवरब्रिज के पास हुआ। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थरों से टकरा गई। मोटरसाइकिल चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी अनुसार पंजाब के मोगा के वार्ड नंबर 25 निवासी अमनजोत सिंह (18) पुत्र बलदेव सिंह ने बताया कि दोस्तों के साथ मणिकर्ण साहिब माथा टेकने जा रहे थे। 4 मार्च की रात को कीरतपुर से मनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भगेड़ से आगे बागठेडू फुट ओवरब्रिज के पास गुरप्रताप सिंह (18) पुत्र जगसीर सिंह हाउस नंबर 5427-3 वार्ड नंबर 14 प्रताप नगर जगराओं लुधियाना ने बाइक से अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल सड़क किनारे पत्थरों से टकरा गई। हादसे में गुरप्रताप सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक पर पीछे बैठे साथी को चोट नहीं लगी। घायल गुरप्रताप सिंह को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि यातायात पुलिस थाना भगेड़ में अमनजोत सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।