बिलासपुर (रामपुर)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉदड़ ने कहा है कि सभी अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरता और गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण करें। उन्होंने 31 में छह शिकायतों का निस्तारण कर दिया।
शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम की उपस्थिति में समाधान दिवस के दौरान पैमाइश, पेंशन, आवास, राशन कार्ड, विद्युत, भूमि विवाद आदि से जुड़े 31 शिकायतें/मांग के मामले प्राप्त हुए जिनमें से 06 का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में वे स्वयं उपस्थित होकर अपने कार्यालय में प्रात: दस से 12 बजे तक फरियादियों की समस्याओं को सुनेंगे तथा उनकी समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराएंगे।
उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाय तथा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों का अविलम्ब निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध समुचित कार्यवाही की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिलासपुर अनुपस्थित रहने, नगर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था ठीक ढंग से न होने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने नहरों की सफाई व अवैध कब्जे को भी गंभरता से लिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 संजीव कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश कुमार, एसडीएम अशोक चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।