बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर में शनिवार को शपथ समारोह का आयोजन किया गया। एसडीएम सदर रामेश्वर दास ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप और उपाध्यक्ष कमल गौतम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदर विधायक सुभाष ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान सहित पार्षद मौजूद रहे।
कमलेंद्र कश्यप ने कहा कि बिलासपुर और चंडीगढ़ एक ही समय बसाए गए हैं। लेकिन बिलासपुर में चंडीगढ़ के एक सेक्टर के बराबर भी विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर को एम्स की सौगात दी है जो आने वाले समय में बिलासपुर के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जब 8 हजार जनसंख्या वाले पालमपुर में कारपोरेशन बन सकती है तो बिलासपुर की जनसंख्या उससे अधिक है। नगर परिषद सरकार से मांग करेगी कि बिलासपुर को भी कारपोरेशन बनाया जाए। विशेष शहरों की श्रेणियों में लाकर बिलासपुर को विशेष आर्थिक पैकेज दिए जाएं।