उपायुक्त और परियोजना प्रमुख ने समझौता ज्ञापन किए आदान-प्रदान
जमथल, कसोल और चम्यौण में किया गया है काॅलोनियों का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम परियोजना से प्रभावित परिवारों के लिए स्थापित की गई तीन पुनर्वास कॉलोनियों जमथल, कसोल एवं चम्यौण को जिला प्रशासन को हस्तांतरित किया गया है। इसके लिए शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक और एनटीपीसी कोलडैम परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन की प्रतियों को आदान-प्रदान किया। समझौता ज्ञापन के बाद पुनर्वास कॉलोनियों जमथल, कसोल और चम्यौण का हस्तांतरण एनटीपीसी कोलडैम की ओर से जिला प्रशासन को कर दिया गया है। इन पुनर्वास कॉलोनियों के आवश्यक रखरखाव और मरम्मत के लिए वांछित राशि एनटीपीसी कोलडैम की ओर उपलब्ध करवाई जा रही है। हस्तांतरण के बाद मरम्मत के संपूर्ण कार्य जिला प्रशासन बिलासपुर के संबंधित विभागों से करवाए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल, एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग, एसी टू डीसी नरेंद्र कुमार अहलुवालिया, एनटीपीसी कोलडैम के अपर महाप्रबंधक उमेश कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. अंजुला अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।