बिलासपुर। जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में वीरवार को कोई भी चयनित सदस्य नहीं पहुंचा। इस कारण चुनाव नहीं हो पाए।
प्रशासन ने अब इस चुनाव के लिए 8 फरवरी का समय रखा है। वीरवार को चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे का जिला परिषद भवन में पहुंचने का इंतजार करती रहीं। वहीं, जिला उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी भी चयनित सदस्यों का इंतजार करते रहे, लेकिन किसी भी पार्टी से समर्थित सदस्य चुनाव में नहीं पहुंचे।
कांग्रेस और भाजपा अपने-अपने सदस्यों के साथ इस इंतजार में अपने ठिकानों पर बैठे रहे कि किसी एक के पहले पहुुंचने के बाद ही दूसरा जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और चुनाव के लिए दिया गया समय पूरा हो गया। वहीं, अब यह चुनाव 8 फरवरी को होगा।
इसमें अब यह देखना होगा की 8 फरवरी को कौन सी पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के सिर पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का ताज सजेगा। दोनों पार्टियां अपने-अपने हथकंडे अपनाकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए गठजोड़ कर रही हैं। जिले में जिप की 14 सीटों में 6 भाजपा और 3 कांग्रेस जीतीं हैं। वहीं पांच सीटों पर निर्दलीय जीतकर आए हैं। जिस तरफ निर्दलियों का रुख होगा, जिप अध्यक्ष का ताज उसी के सिर पर सजेगा।