- उपभोक्ताओं पर 8 लाख 73 हजार 519 रुपये का बकाया
- डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची में सरकार कार्यालय भी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। विद्युत बोर्ड के बार-बार आग्रह करने के बावजूद कुछ उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने अब कड़ा संज्ञान लिया है।
बोर्ड की ओर से उपमंडल घुमारवीं के करीब 200 उपभोक्ताओं को कनेक्शन काटने के नोटिस जारी किए हैं। इन उपभोक्ताओं को 20 अक्तूबर तक बिल जमा कराने का समय दिया गया है। इन उपभोक्ताओं से करीब 8 लाख 73 हजार 519 रुपये की वसूली की जाएगी। इससे पहले भी बोर्ड ने 100 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 15 अक्तूबर तक बिल जमा करने का समय दिया था। इसमें से अधिकतर उपभोक्ताओं ने बिल जमा करा दिए हैं। इनसे बोर्ड को 6 लाख 18 हजार 673 रुपये की राशि प्राप्त हुई है। वहीं, जिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं कराया, उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बताते चलें कि इस समय बिजली बोर्ड घुमारवीं के पास करीब 14 हजार 476 उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 300 उपभोक्ताओं को डिफाल्टर घोषित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार शासन स्तर से बिजली का बकाया बिल जमा करने के लिए लगातार बिजली बोर्ड पर दबाव पड़ रहा है। उच्च अधिकारियों ने बकाया जमा करने में रुचि न लेने वालों की विद्युत आपूर्ति बंद करके बिल जमा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार जो उपभोक्ता नोटिस जारी होने के बाद भी बिल जमा नहीं करवा रहे हैं, उनके अस्थायी स्तर पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। हैरानी की बात यह भी है कि बिजली बोर्ड के लाखों रुपये पर कुंडली मारने वाले केवल घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता ही नहीं है, बल्कि इस सूची में सबसे ज्यादा गिनती सरकारी विभागों के कार्यालय भी है।
कोट
बिजली बोर्ड ने बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान आरंभ किया है। खास बात यह है कि अस्थायी कनेक्शन काटने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने के साथ कनेक्शन को पुनः शुरू करने के लिए अलग से राशि जमा करनी पड़ेगी। बिजली कनेक्शन काटने के बाद भी यदि उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं कराया तो उनके जो भी एक्टिव मीटर के एकाउंट्स होंगे, उनमें बकाया जमा राशि जोड़ दी जाएगी।
-सन्नी जगोता, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड, घुमारवीं