घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं अस्पताल में रोगी कल्याण समिति के सचिव द्वारा नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी सुविधाओं के लिए रोगी कल्याण समिति के पैसों का जो दुरुपयोग किया गया है। उसकी जांच होनी चाहिए और सचिव पद से तत्काल प्रभाव से हटा देना चाहिए। समिति के पैसों का जो दुरुपयोग हुआ है तथा अपनी शक्तियों का गलत तरीके से उपयोग किया गया है आदि जांच का विषय है।
यह बातें शुक्रवार को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ खंड झंडूता के प्रधान दिलबाग सिंह, महासचिव जगत पाल चौहान, उपप्रधान रविंद्र कुमार, सह सचिव कुलदीप जम्वाल, वित्त सचिव कमल कुमार, मुख्य सलाहकार जगदीश चंद व उनकी कार्यकारिणी ने सयुंक्त बयान में कही। कहा कि रोगी कल्याण समिति घुमारवीं के सचिव ने जो ड्रग इंस्पेक्टर की कुर्सी तक को उठा कर अपने कमरे में ले गए। वह कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। महासंघ ने घुमारवीं संघ का समर्थन किया तथा कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने वाले अधिकारी को तुरंत प्रभाव से पद से हटाया जाए।
कहा कि उक्त अधिकारी रोगी कल्याण समिति के पैसे का दुरुपयोग कर रहा है। मनमर्जी से अस्पताल में केविन, डॉक्टर के लिए डाइनिंग टेबल, डॉक्टर के रूम में टीवी लगाने, एसी लगाने की मांग की जा रही है। रोगी कल्याण समिति का पैसा रोगियों की भलाई में और गरीब लोगों को लाभ देने के लिए खर्च होना चाहिए न कि किसी की मौज मस्ती के लिए और इससे सरकार की छवी भी खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि यदि उक्त अधिकारी को पद से नहीं हटाया तो महासंघ सिविल अस्पताल घुमारवीं में धरना प्रदर्शन से भी पीछे नहीं हटेगा।