घुमारवीं के करंगोड़ा गांव में बिखरी पानी की पाइपें। स्रोत: जागरूक पाठक
सड़क विस्तारीकरण के दौरान उखड़ी थीं पेयजल पाइपें, ग्रामीणों को दर-दर भटककर जुटाना पड़ रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत बाड़ी मझेड़वां के करंगोड़ा गांव में पिछले करीब 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होने से 500 से अधिक आबादी परेशान है। गांव के किसी भी नल में पानी नहीं आ रहा है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क विस्तारीकरण के दौरान पेयजल आपूर्ति की पाइपें उखड़ गई थीं। इन्हें दोबारा जोड़कर आपूर्ति बहाल की जानी थी, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी समस्या बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपें काफी समय से सड़क किनारे पड़ी हुई थीं। पानी की कमी के कारण सबसे अधिक परेशानी पशुपालकों को उठानी पड़ रही है। उन्हें घर की जरूरतों के साथ पशुओं के लिए भी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग को समस्या की जानकारी होने के बावजूद समाधान में देरी की गई।
मंगलवार से शुरू होगी आपूर्ति
जलशक्ति विभाग घुमारवीं के सहायक अभियंता पवन कुमार ने बताया कि सड़क विस्तारीकरण के कारण पेयजल पाइपें सड़क के बीच में आ गई थीं। इन्हें सड़क से बाहर करने का काम किया गया है। पाइपों को जोड़ दिया गया है और अब केवल पानी का कनेक्शन देना बाकी है। मंगलवार से करंगोड़ा गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी।