- शनिवार को 163 दर्ज किया गया वायु गुणवत्ता सूचकांक
- प्रदूषण का स्तर मध्यम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में शनिवार को भी प्रदूषण की धुंध छाई रही। प्रदूषण का स्तर मध्यम सूचकांक पर बना हुआ है। हालांकि शुक्रवार के मुकाबले प्रदूषण में थोड़ी कमी जरूर आई है। लेकिन इससे भी कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है।
भारतीय मौसम विभाग के एप के अनुसार शनिवार को बिलासपुर शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 163 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण का मध्यम स्तर माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदूषण का यह स्तर संवेदनशील लोगों के लिए खतरनाक है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खुले में कम समय बिताना चाहिए। यदि किसी को सांस लेने में कठिनाई या गले में जलन जैसे लक्षण महसूस हो तो वह भी बाहर न रहें। दिवाली के बाद शुक्रवार दिन में एक्यूआई 189 दर्ज किया गया था। लोगों ने शुक्रवार रात को भी आतिशबाजी और पटाखे चलाकर दिवाली मनाई। देर रात तक आतिशबाजी होती रही। इसी कारण शनिवार को भी प्रदूषण को कोई बड़ी राहत नहीं मिली। बता दें कि दिवाली के बाद शुक्रवार को जिले में प्रदूषण का स्तर करीब दोगुना बढ़ गया। आम दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 80 से कम दर्ज किया जाता है। प्रदूषण की धुंध घुमारवीं शहर, झंडूता, बरठीं, भराड़ी, स्वारघाट, श्री नयनादेवी जी आदि क्षेत्रों में भी देखी गई। इन क्षेत्रों में भी एक्यूआई 160 के आसपास दर्ज किया गया।