बिलासपुर। ग्राम पंचायत कंदरौर के चकली गांव के निखिल ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की जेई सिविल परीक्षा उत्तीर्ण कर कनिष्ठ अभियंता के पद पर चयन हासिल किया है। निखिल पुत्र मदन गोपाल पिछले एक साल से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरढ़ी में वोकेशनल ट्रेनर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
विज्ञापन
निखिल ने प्रारंभिक शिक्षा ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल कंदरौर से प्राप्त की। इसके बाद सुंदरनगर से पॉलिटेक्निक डिप्लोमा और जेएनजीईसी सुंदरनगर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
नौकरी के साथ घर पर नियमित पढ़ाई कर उन्होंने यह सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और नाना प्रेम लाल को दिया। नाना के मित्र एवं सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता मदन लाल से भी उन्हें प्रेरणा मिली। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है। संवाद